रॉयल्टी के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, गीडा पुलिस ने छह डंपर किए सीज अवैध मिट्टी खनन पर कसा शिकंजा, रेलवे की रॉयल्टी का दूसरे स्थान पर हो रहा था इस्तेमाल

रॉयल्टी के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, गीडा पुलिस ने छह डंपर किए सीज

अवैध मिट्टी खनन पर कसा शिकंजा, रेलवे की रॉयल्टी का दूसरे स्थान पर हो रहा था इस्तेमाल

सहजनवा/गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन और रॉयल्टी के दुरुपयोग के खिलाफ गीडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह डंपरों को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस को पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि रेलवे परियोजना के लिए जारी रॉयल्टी का दुरुपयोग कर मिट्टी निर्धारित स्थल के बजाय अन्य स्थानों पर गिराई जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध डंपरों की घेराबंदी कर जांच की।

जांच के दौरान कई डंपरों की रॉयल्टी की वैधता समाप्त पाई गई। वहीं कुछ वाहनों के पास रेलवे परियोजना में मिट्टी गिराने के लिए जारी वैध रॉयल्टी थी, लेकिन उसका इस्तेमाल दूसरे स्थानों पर मिट्टी डंप करने के लिए किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर पुलिस ने छह डंपरों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना का सत्यापन करने के बाद देर रात अभियान चलाया गया, जिसमें रॉयल्टी के दुरुपयोग और अन्य अनियमितताएं सामने आईं। सभी संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी आभा सिंह ने बताया कि अवैध खनन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रखने की मांग की है।

Previous articleडॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने किया बाबा तामेश्वरनाथ धाम के श्रावण मेले का शुभारंभ, ट्रस्ट को दिए ₹21 हजार
Next articleसिसवा छठ घाट हादसा: तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, डीएम और एसपी ने संभाला मोर्चा डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here