तीन थानाध्यक्षों के तबादले
झंगहा, पीपीगंज और पिपराइच थानों को मिले नए प्रभारी
गोरखपुर। जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए गोरखपुर पुलिस प्रशासन ने तीन उपनिरीक्षकों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी स्थानांतरण आदेश के मुताबिक उपनिरीक्षक अनुप सिंह को थाना झंगहा से स्थानांतरित कर थाना पिपराइच का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह को थाना पीपीगंज से स्थानांतरित कर थाना झंगहा का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक कमलेश प्रताप सिंह, जो अब तक रमवापुर चौकी प्रभारी के पद पर कार्यरत थे, उन्हें थाना पीपीगंज का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।
















