नाग पंचमी पर मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट
डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने भारोहिया शिव मंदिर का किया निरीक्षण
गोरखपुर। नाग पंचमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित पूजन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कैंपियरगंज क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध भारोहिया शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा बैरिकेडिंग की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम कैंपियरगंज को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संभावित वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने विशेष निर्देश जारी किए। नाग पंचमी पर संभावित भीड़ को देखते हुए डायवर्जन प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करने तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भी आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम कैंपियरगंज, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने कहा कि नाग पंचमी के अवसर पर संभावित मुख्यमंत्री कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।















