एसएसपी ने पीपीगंज थाने का किया औचक निरीक्षण जनसुनवाई, महिला हेल्प डेस्क और अभिलेखों की जांच, अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश

एसएसपी ने पीपीगंज थाने का किया औचक निरीक्षण

जनसुनवाई, महिला हेल्प डेस्क और अभिलेखों की जांच, अपराध नियंत्रण पर दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शनिवार को थाना पीपीगंज का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने सबसे पहले जनसुनवाई डेस्क का निरीक्षण कर फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित न्याय मिल सके। महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस कक्ष की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं नियमित अपडेट पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड समय से दर्ज किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिलाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।

एसएसपी ने थाना परिसर में आने वाले लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा एवं साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित थाना परिसर पुलिस की कार्यशैली का परिचायक होता है, इसलिए परिसर की साफ-सफाई और अभिलेखों का रखरखाव हमेशा बेहतर होना चाहिए।

उन्होंने लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण की स्थिति तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल अंकुश लगाया जाए और पुलिस की सक्रियता हर स्तर पर दिखाई देनी चाहिए।

निरीक्षण के अंत में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान थाना प्रभारी पीपीगंज सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleमांगें पूरी नहीं हुईं तो 5 अगस्त से आंदोलन करेंगे लेखपाल अतिरिक्त हल्के का करेंगे बहिष्कार, ऑनलाइन कार्य भी होंगे प्रभावित
Next articleनाग पंचमी पर मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने भारोहिया शिव मंदिर का किया निरीक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here