सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लोकतंत्र का उत्सव, अविनाश व अनु बने स्कूल कप्तान
आर्यन और उन्नति चुने गए वाइस कैप्टन, छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ किया मतदान
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्कूल कप्तान एवं वाइस कैप्टन का चुनाव पूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुबह 9 बजे शुरू हुए मतदान में विद्यार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, निदेशिका सविता चतुर्वेदी तथा प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव अधिकारियों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
दोपहर 12 बजे मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। बालक वर्ग से अविनाश चतुर्वेदी स्कूल कप्तान निर्वाचित हुए, जबकि बालिका वर्ग में अनु यादव ने कप्तान पद पर शानदार जीत दर्ज की। वहीं बालक वर्ग से आर्यन कुमार और बालिका वर्ग से उन्नति गुप्ता वाइस कैप्टन चुने गए।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और विजयी नारों से गूंज उठा। विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित कप्तानों एवं वाइस कैप्टनों का फूलमालाओं और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि शीघ्र ही सभी निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि इस चुनाव का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और मताधिकार के महत्व का व्यावहारिक अनुभव कराना है। सविता चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि हार और जीत लोकतंत्र का हिस्सा हैं तथा जो विद्यार्थी इस बार सफल नहीं हुए, वे भविष्य में और बेहतर तैयारी के साथ आगे बढ़ें।
प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लोकतांत्रिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
नवनिर्वाचित कप्तानों और वाइस कैप्टनों ने सभी मतदाताओं एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए अनुशासन, नेतृत्व और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।















