नशा तस्करी और अपराध नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने विभिन्न विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के दिए निर्देश

नशा तस्करी और अपराध नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक

एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने विभिन्न विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के दिए निर्देश

गोरखपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार एवं उससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (नगर) गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्टम, नारकोटिक्स, पुलिस, आबकारी, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नशा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को संयुक्त अभियान चलाकर ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।

उन्होंने कस्टम एवं नारकोटिक्स विभाग को निर्देशित किया कि अंतरराज्यीय एवं अंतरजनपदीय स्तर पर होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा खुफिया सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, होटल-लॉज तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस एवं आबकारी विभाग को अवैध शराब, गांजा, स्मैक तथा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन के विरुद्ध नियमित छापेमारी करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

एडीएम सिटी ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को स्कूलों और महाविद्यालयों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों को और अधिक सक्रिय बनाते हुए उपचार एवं काउंसलिंग व्यवस्था सुदृढ़ करने पर भी बल दिया।

बैठक में ऑनलाइन माध्यमों एवं सोशल मीडिया के जरिए संचालित अवैध गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने तथा संदिग्ध लेन-देन पर साइबर स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एडीएम सिटी ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के अंत में सभी विभागों के अधिकारियों ने समन्वित प्रयासों के साथ नशा तस्करी के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने तथा जनपद को नशामुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।

Previous articleमहज दो घंटे में सकुशल मिली 9 वर्षीय गुमशुदा बालिका चिलुआताल पुलिस की तत्परता रंग लाई, सीसीटीवी फुटेज से मिली लोकेशन—सहेली के घर से बरामद
Next articleबस्ती में शुरू हुई गोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय शूटिंग प्रतियोगिता एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने किया शुभारंभ, 3 अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here