महज दो घंटे में सकुशल मिली 9 वर्षीय गुमशुदा बालिका
चिलुआताल पुलिस की तत्परता रंग लाई, सीसीटीवी फुटेज से मिली लोकेशन—सहेली के घर से बरामद
गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र से लापता हुई 9 वर्षीय बालिका को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक संभावित गंभीर घटना टल गई, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को एक महिला ने थाना चिलुआताल पहुंचकर सूचना दी कि उनकी 9 वर्षीय पुत्री घर से कहीं चली गई है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 580/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह तथा थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तत्काल संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम बालिका की लोकेशन तक पहुंची, जहां वह अपनी एक सहेली के घर सकुशल मिली। इसके बाद पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि बालिका बिना किसी को बताए अपनी सहेली के घर चली गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर बेहद कम समय में सकुशल बरामद कर लिया। उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस सराहनीय कार्रवाई में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, उपनिरीक्षक आलोक चौबे, सच्चिदानंद पांडे, आनंद द्विवेदी, नरेश सिंह, विनय सिंह, ज्ञानचंद एवं विशाल श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















