गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत डीएम को सौंपा ज्ञापन, राष्ट्रीय गौशाला नीति लागू करने की उठाई मांग
व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्प दत्त जैन बोले— गोसंरक्षण आस्था ही नहीं, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी आधार
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्प दत्त जैन ने गोसेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी दीपक मीणा को “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गोवंश संरक्षण, सुरक्षा और उनके समुचित प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी नीति लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि गोवंश भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण धरोहर है, लेकिन इसके संरक्षण के लिए अभी तक एकीकृत एवं प्रभावी राष्ट्रीय नीति का अभाव है। मांग की गई कि राष्ट्रीय गौशाला नीति लागू कर प्रत्येक जिले में आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौशालाओं की स्थापना सुनिश्चित की जाए, जहां गोवंश के लिए चारा, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था उपलब्ध हो।
उपाध्यक्ष पुष्प दत्त जैन ने बताया कि “गो सम्मान आह्वान अभियान” के माध्यम से देशभर में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ज्ञापन के साथ हस्ताक्षर अभियान का विवरण भी जिलाधिकारी को सौंपा गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने गोसंरक्षण के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई है।
उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, जैविक खेती को प्रोत्साहन देने, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने से भी जुड़ा हुआ है।
ज्ञापन में गोवंश से जुड़े अपराधों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने, संबंधित कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा गौशालाओं के संचालन में पारदर्शिता लाने के लिए सुदृढ़ मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई। साथ ही गोवंश आधारित कृषि, डेयरी एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं संचालित करने का आग्रह किया गया।
अंत में पुष्प दत्त जैन ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि ज्ञापन में उल्लिखित मांगों को शासन स्तर पर प्राथमिकता के साथ भेजा जाए, ताकि गोसंरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में प्रभावी निर्णय लिए जा सकें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गोसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अभियान से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।















