कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने में जुटा बिजली विभाग, मंदिरों व मार्गों पर पोलों की कराई जा रही सुरक्षा व्यवस्था
नौसढ़ पावर हाउस क्षेत्र में विशेष अभियान, जेई विपिन सिंह बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
गोरखपुर/पिपरौली। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए बिजली विभाग ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। नौसढ़ पावर हाउस क्षेत्र में भगवान शिव के मंदिरों तथा कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बिजली के लोहे के पोलों पर इंसुलेटिंग पॉलिथीन (सुरक्षात्मक कवर) लगाई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका न रहे।
बिजली विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही है, वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके साथ ही बिजली लाइनों, पोलों और अन्य उपकरणों की नियमित जांच कर आवश्यक मरम्मत भी कराई जा रही है, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नौसढ़ पावर हाउस के जूनियर इंजीनियर (जेई) विपिन सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे क्षेत्र में लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। यदि कहीं भी विद्युत संबंधी कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रा और सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।















