महिला अस्पताल से क्रेसेंट मॉल तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, यातायात पुलिस ने हटवाए अवैध कब्जे
टीआई कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, दोबारा अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
बस्ती। शहर को जाम मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में सोमवार को यातायात पुलिस ने व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत एवं क्षेत्राधिकारी यातायात बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने महिला अस्पताल से क्रेसेंट मॉल तक अभियान का नेतृत्व किया।
अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे, ठेले-खोमचे तथा अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को हटवाया गया। दुकानों के बाहर बनाए गए अवैध शेड, काउंटर एवं सड़क पर फैलाए गए सामान को भी हटाकर मार्ग को खाली कराया गया, जिससे यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सका।
यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर दुकानदारों और फड़ व्यवसायियों को समझाया तथा भविष्य में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने के लिए जागरूक किया गया। कार्रवाई के बाद महिला अस्पताल से क्रेसेंट मॉल तक का मार्ग काफी हद तक जाम मुक्त दिखाई दिया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।















