डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने तटबंधों का किया निरीक्षण, बाढ़ सुरक्षा तैयारियों को परखा

डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने तटबंधों का किया निरीक्षण, बाढ़ सुरक्षा तैयारियों को परखा

बस्ती। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न तटबंधों एवं बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अयोध्या बाईपास के समीप एनएचएआई द्वारा कराए गए निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण के कारण मुख्य नदी की धारा टेढ़ी नदी की ओर मुड़ गई है, जिससे जल प्रवाह और डिस्चार्ज बढ़ गया है। इसके चलते भौसिया पंप नहर के अपस्ट्रीम क्षेत्र पर दबाव बना हुआ है। वहीं ग्राम पकड़ी संगम (अर्जुनपुर) के पास लगभग तीन किलोमीटर नीचे भूमि कटान की स्थिति उत्पन्न हुई है। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने बताया कि कटान स्थल की लगातार निगरानी की जा रही है तथा वर्तमान में यह तटबंध से लगभग 300 मीटर दूर है, इसलिए तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने काशीपुर-दुबौलिया, विक्रमजोत-धुसवा तथा कटरिया-चांदपुर तटबंधों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विक्रमजोत-धुसवा परियोजना का प्रस्तावित निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि नदी की धारा मोड़े जाने के बाद कटान पर प्रभावी नियंत्रण हो गया है। अन्य तटबंधों की स्थिति भी सामान्य और सुरक्षित मिली।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान बाढ़ राहत से जुड़े रिजर्व स्टॉक, बाढ़ चौकियों और बाढ़ शरणालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे सतर्क निगरानी रखी जाए। साथ ही बाढ़ से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर बनाए रखें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बाढ़ खंड के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleलिफ्ट के बहाने सराफा कारोबारी की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार उधार के रुपये मांगने पर रची साजिश, चाकू से गला रेतकर शव राप्ती नदी में फेंका
Next articleकांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटी नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा शिव मंदिरों पर सफाई, सड़क और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here