होमगार्ड भर्ती का एसपी ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता के दिए सख्त निर्देश

होमगार्ड भर्ती का एसपी ने किया निरीक्षण, पारदर्शिता के दिए सख्त निर्देश

बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन बस्ती में आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाइन में आयोजित अर्दली रूम में पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती के अंतर्गत अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (डीवी/पीएसटी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी अभ्यर्थी को अनावश्यक असुविधा न होने पाए।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी लाइन कुलदीप सिंह यादव की उपस्थिति में पुलिस लाइन परिसर में अर्दली रूम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही अनुशासन, समयपालन, वर्दी की मर्यादा, स्वच्छता तथा ड्यूटी के प्रति जिम्मेदारी निभाने पर विशेष जोर दिया।

डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों का व्यवहार ही विभाग की पहचान होता है। इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी जनता के साथ संवेदनशील, शालीन और जिम्मेदार व्यवहार करे तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी निष्ठा के साथ अपनी भूमिका निभाए।

निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous article35 लाख के 165 गुमशुदा मोबाइल बरामद, बस्ती पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान
Next articleलिफ्ट के बहाने सराफा कारोबारी की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार उधार के रुपये मांगने पर रची साजिश, चाकू से गला रेतकर शव राप्ती नदी में फेंका

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here