35 लाख के 165 गुमशुदा मोबाइल बरामद, बस्ती पुलिस ने लौटाई लोगों की मुस्कान
बस्ती। बस्ती पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 35 लाख रुपये मूल्य के 165 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में सर्विलांस सेल ने सी.ई.आई.आर. (CEIR) पोर्टल के माध्यम से की।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने बस्ती पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
एसपी ने बताया कि सर्विलांस सेल प्रभारी शेषनाथ यादव एवं उनकी टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से ट्रेसिंग अभियान चलाकर विभिन्न कंपनियों के 165 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये है।
मोबाइल पाने वालों में बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, रायबरेली, अमेठी, गोंडा, फिरोजाबाद, दिल्ली, मुंबई और बिहार समेत विभिन्न जिलों व राज्यों के लोग शामिल रहे। सभी लाभार्थियों को विधिवत सत्यापन के बाद उनके मोबाइल सुपुर्द किए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी सहायता से उसे शीघ्र खोजकर वापस कराया जा सके।
उन्होंने सर्विलांस सेल की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इसी प्रकार तकनीक का प्रभावी उपयोग कर आमजन को राहत पहुंचाने का कार्य आगे भी जारी रहेगा।















