15 अगस्त तक चलेगा अभियान, माय भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराने के निर्देश
डीएम की अध्यक्षता में जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक, उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस पर किया जाएगा सम्मानित
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तहत जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में माय भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने माय भारत की पृष्ठभूमि, उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं वार्षिक कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने 1 जुलाई से 15 अगस्त तक संचालित सघन पंजीकरण अभियान के पोस्टर का भी अनावरण किया।
जिलाधिकारी ने माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में अधिकाधिक विद्यार्थियों का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाए। साथ ही सभी सरकारी विभागों एवं कार्यालयों का भी पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा अभियान के सफल संचालन के लिए विभागीय समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत सचिव, डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं अन्य पंचायत स्तरीय कर्मचारियों के माध्यम से गांव-गांव युवाओं का पंजीकरण कराया जाए, ताकि अभियान को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में बताया गया कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को क्विज, निबंध लेखन, एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम (ईएलपी), स्वयंसेवी गतिविधियों, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, छात्रवृत्ति योजनाओं सहित विभिन्न जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलता है।
इसके अलावा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम, युवा संसद, यूथ फेस्टिवल और विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज जैसे कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चल रहे सघन पंजीकरण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने 26 जुलाई को प्रस्तावित वाइब्रेंट विकसित ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की तैयारियों की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















