वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार चोरी की स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार व मास्टर चाबियां बरामद, शराब तस्करी में करते थे इस्तेमाल

वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

चोरी की स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार व मास्टर चाबियां बरामद, शराब तस्करी में करते थे इस्तेमाल

 गोरखपुर।

गोरखपुर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। थाना शाहपुर पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्कॉर्पियो, घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट कार तथा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई विशेष उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने प्रेस वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दिलीप कुमार चौहान, मुन्ना हासनी और दीपक यादव को गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपी बिहार के सिवान जनपद के निवासी हैं और संगठित गिरोह बनाकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को शाहपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई स्कॉर्पियो के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की स्कॉर्पियो बरामद कर ली।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर बिहार में प्रतिबंधित शराब की तस्करी में उनका इस्तेमाल करते थे। पुलिस का मानना है कि गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश और बिहार के अलावा अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी दिलीप कुमार चौहान का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार तथा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

एसपी सिटी ने कहा कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह को बड़ा झटका लगा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Previous articleबेलहरकला पुलिस का बड़ा खुलासा, तीन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश दो शातिर चोर गिरफ्तार, जेवरात, नकदी, खाद्यान्न, मोबाइल, तमंचा व मोटरसाइकिल बरामद
Next articleनिराश्रित गोवंशों के संरक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here