बेलहरकला पुलिस का बड़ा खुलासा, तीन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश दो शातिर चोर गिरफ्तार, जेवरात, नकदी, खाद्यान्न, मोबाइल, तमंचा व मोटरसाइकिल बरामद

बेलहरकला पुलिस का बड़ा खुलासा, तीन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश

दो शातिर चोर गिरफ्तार, जेवरात, नकदी, खाद्यान्न, मोबाइल, तमंचा व मोटरसाइकिल बरामद

संतकबीरनगर।

संतकबीरनगर की बेलहरकला पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, खाद्यान्न, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के अलावा अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू भी बरामद किया है। मामले का खुलासा बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में थानाध्यक्ष हरिकेश भारती, सर्विलांस सेल और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने झमरहिया पोखरा, नगर पंचायत बेलहरकला के पास से दिलवर निषाद निवासी सानी केवटलिया भीतरी टोला, थाना मेहदावल तथा अमन निवासी घोड़ा गली, मेहदावल को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कोतवाली खलीलाबाद, बखिरा और बेलहरकला थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार पहली घटना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के उसका खुर्द गांव में हुई, जहां बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात और अन्य सामान चोरी किया गया था। दूसरी घटना बखिरा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जीवधरा में हुई, जहां विद्यालय का ताला तोड़कर अभिलेख, खेल सामग्री, गैस सिलेंडर, साउंड सिस्टम और खाद्यान्न चोरी कर लिया गया। तीसरी वारदात बेलहरकला कस्बे में हुई, जहां घर में घुसकर जेवरात, नकदी, बर्तन और राशन चोरी कर लिया गया था।

पहले करते थे रेकी, फिर देते थे वारदात को अंजाम

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पहले रात के समय बंद मकानों और सुनसान स्थानों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही ताला तोड़कर नकदी, जेवर, मोबाइल, बर्तन और खाद्यान्न चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान आपस में बांट लेते थे और कुछ सामान बेचकर खर्च चलाते थे।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पायल, दो सोने की अंगूठियां, एक लोटा, एक थाल, एक बोरी गेहूं, दो एंड्रॉयड मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू तथा दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिलवर निषाद के विरुद्ध पहले से एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमन के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।

इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने बेलहरकला पुलिस, सर्विलांस सेल एवं एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।

Previous articleलखनऊ जोन की 43वीं बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ, छह जिलों की पुलिस टीमें दिखाएंगी दम
Next articleवाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार चोरी की स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार व मास्टर चाबियां बरामद, शराब तस्करी में करते थे इस्तेमाल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here