कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त व आईजी ने किया स्थलीय निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर, हाईवे पर यातायात प्रतिबंध सहित अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बस्ती । श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से सोमवार को मंडलायुक्त अखिलेश सिंह एवं आईजी संजीव त्यागी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद दोनों अधिकारियों ने आयुक्त कार्यालय से शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, भूअर निरंजन, डारीडीहा, श्री बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर तथा अयोध्या बॉर्डर तक बस से यात्रा कर पूरे कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कांवड़ियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : मंडलायुक्त
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और यात्रा को दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाए।
उन्होंने कांवड़ संघों से प्रशासन का सहयोग करने तथा बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन सुनिश्चित कराने की अपील की। साथ ही कांवड़ियों से ट्रैक्टर-ट्रॉली से यात्रा न करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और तेज गति से वाहन न चलाने की सलाह दी। मार्ग पर अवैध अतिक्रमण एवं निर्माण सामग्री तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए।
हर समस्या का होगा त्वरित समाधान : आईजी
आईजी संजीव त्यागी ने कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी कांवड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कांवड़ संघों और सेवा शिविर संचालकों से अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर संबंधित एसडीएम एवं थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके।
सीसीटीवी निगरानी, मेडिकल कैंप और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें तैनात रहेंगी। प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे तथा सभी स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। स्नेक वेनम की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विद्युत पोलों पर नौ फीट तक प्लास्टिक कवर लगाए जाएंगे, ढीले तारों की मरम्मत कराई जाएगी तथा मुख्य पड़ाव स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अमहट घाट पर मोटर बोट, नाव, तैराक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई को सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने के निर्देश दिए गए हैं।
7 से 11 अगस्त तक हाईवे रहेगा बंद
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 7 अगस्त 2026 की शाम 4 बजे से 11 अगस्त 2026 की रात तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, सभी उपजिलाधिकारी, डीपीआरओ घनश्याम सागर, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार तथा लोक निर्माण, विद्युत और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















