दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में संतकबीरनगर के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
संतकबीरनगर। दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के विरोध में मंगलवार को जनपद बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष कुमार चौधरी ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने वाले युवाओं पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इस घटना में बड़ी संख्या में युवाओं के घायल होने की खबरें चिंताजनक हैं। ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि युवाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर इस प्रकार की कार्रवाई न हो। उन्होंने सरकार से लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के महामंत्री राम अवतार यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडे, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार प्रजापति एवं अवधेश पांडे, कोषाध्यक्ष मधुसूदन दुबे, इमरान खान, दिलीप चौधरी, महेंद्र कुमार, लालचंद, रामप्रसाद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।















