मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्थाओं पर निगम सख्त, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्थाओं पर निगम सख्त, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

पास व्यवस्था, लिफ्ट मरम्मत, सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुधारने पर जोर

 गोरखपुर।

जलकल परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त अजय जैन की अध्यक्षता में सोमवार को नगर निगम सभागार में गोलघर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने पार्किंग से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाईं, जिनके त्वरित समाधान के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रथम, अपर नगर आयुक्त द्वितीय अतुल कुमार, गोलघर व्यापार मंडल के प्रमुख अभिषेक शाही सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

व्यापारियों ने पार्किंग के लिए रियायती मासिक पास की व्यवस्था लागू करने, परिसर में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग रखी। साथ ही लंबे समय से खराब पड़ी लिफ्ट को शीघ्र चालू कराने की मांग भी उठाई, जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त द्वितीय अतुल कुमार को पार्किंग भवन के प्रत्येक तल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग संचालक को भी निर्देशित किया कि निर्धारित पार्किंग शुल्क की रेट लिस्ट फ्लेक्स बोर्ड के माध्यम से प्रवेश द्वार एवं प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में पार्किंग संचालन को और अधिक व्यवस्थित बनाने, व्यापारियों की सुविधा के अनुरूप पर्याप्त ड्राइविंग स्टाफ उपलब्ध कराने तथा वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने पर भी चर्चा हुई।

नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मल्टीलेवल पार्किंग की सभी व्यवस्थाएं पारदर्शी, व्यवस्थित और जनसुविधा के अनुरूप संचालित हों, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर पार्किंग सुविधा मिल सके।

Previous articleशांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी व एसएसपी ने किया पैदल मार्च संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा, व्यापारियों व आमजन से संवाद कर दिलाया सुरक्षा का भरोसा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here