श्रावण मास की तैयारियों में जुटा प्रशासन, कांवड़ यात्रा और भदेश्वरनाथ मेले को लेकर मंथन डीएम-एसपी ने सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

श्रावण मास की तैयारियों में जुटा प्रशासन, कांवड़ यात्रा और भदेश्वरनाथ मेले को लेकर मंथन

डीएम-एसपी ने सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बस्ती। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा एवं बाबा भदेश्वरनाथ मेले के सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी हर्रैया उमाकांत तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर, नगर पालिका ईओ अंगद गुप्ता, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण, स्वर्णिमा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले में प्रत्येक दुकान पर दुकानदार का नाम, दुकान का नाम और रेट सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी अस्थायी दुकानों को विद्युत विभाग से वैध अस्थायी बिजली कनेक्शन लेना होगा।

उन्होंने कांवड़ मार्ग पर विद्युत पोलों की लगभग 10 फीट ऊंचाई तक सुरक्षा टेपिंग कराने, पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट और स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी को सड़क मरम्मत, एनएचएआई को अवैध कट बंद कर बैरिकेडिंग कराने तथा नगर निकायों को खुली नालियों को ढकने और मेला परिसर की सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को कांवड़ समितियों के साथ बैठक कर सुझाव लेने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी होटल, ढाबों एवं अस्थायी दुकानों का सत्यापन कराया जाए। यात्रा के दौरान भड़काऊ गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा मार्ग पर मांस एवं मछली की दुकानें बंद रहेंगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और प्रभावी गश्त की व्यवस्था की जाएगी।

एसपी ने कांवड़ समितियों से यात्रा की तिथि, मार्ग और कार्यक्रम की जानकारी संबंधित थानों को पहले से उपलब्ध कराने की अपील की। बैठक के अंत में 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित कर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखते हुए यात्रा को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

Previous article15 टन सरिया चोरी का खुलासा, ढाबे से बरामद; चार संदिग्ध हिरासत में गीडा की दो फैक्ट्रियों से भेजी गई सरिया रास्ते में होती थी गायब, व्यापारियों की शिकायत पर खुला राज
Next articleस्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश एडीएम सिटी बोले— स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here