स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश
एडीएम सिटी बोले— स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
गोरखपुर। अपर जिलाधिकारी (नगर) गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार (पर्यटन भवन) में स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति एवं अन्य संबंधित बिंदुओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन के तहत संचालित विभिन्न कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम सिटी ने कहा कि स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर निगम, नगर पंचायत एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कूड़ा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। एडीएम सिटी ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि स्वच्छ भारत मिशन को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक गतिविधि की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मिशन की प्रगति से अवगत कराया और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।















