शांति व्यवस्था के मद्देनज़र तिवारीपुर में पुलिस का फ्लैग मार्च
एसपी सिटी व सीओ कोतवाली ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, संदिग्धों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
गोरखपुर। जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को थाना तिवारीपुर क्षेत्र में पुलिस ने पैदल फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील एवं क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया गया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
क्षेत्राधिकारी कोतवाली ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों और विशेष अवसरों को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
फ्लैग मार्च में थाना तिवारीपुर के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया गया।















