उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: मंडलायुक्त
उद्योग बंधु समिति की बैठक में निवेश बढ़ाने, योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी; निवेश मित्र पोर्टल के लंबित प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश
गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्योगों को बढ़ावा देना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।
आयुक्त सभागार में आयोजित मंडल स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में गोरखपुर मंडल के विभिन्न जनपदों के उद्यमियों, विभागीय अधिकारियों और उद्योग बंधु समिति के सदस्यों के साथ लंबित मामलों, औद्योगिक निवेश और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने कहा कि उद्योग बंधु समिति केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि शासन और उद्यमियों के बीच समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली, भूमि आवंटन, बैंकिंग सहयोग, स्वीकृतियों में देरी और अन्य प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवेशकों का विश्वास मजबूत हो सके।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्तपोषण योजना की समीक्षा के दौरान देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज में प्रगति अपेक्षा से कम मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित जिला उद्योग अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। इसलिए बैंक, उद्योग विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से लंबित आवेदनों का निस्तारण करें।
निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी विभागों को ऑनलाइन प्राप्त स्वीकृतियों, अनापत्तियों और अनुमोदनों के लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निस्तारण निर्धारित समय सीमा में करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निवेशकों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, निवेशकों की समस्याओं का नियमित फॉलोअप और विभागीय समन्वय मजबूत किया जाए, ताकि गोरखपुर मंडल को औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाया जा सके।
बैठक में सीईओ गीडा अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, संयुक्त आयुक्त उद्योग गौरव मिश्रा सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्योग बंधु समिति के सदस्य उपस्थित रहे।















