‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान: एसपी संदीप मीना ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प
संतकबीरनगर। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह की उपस्थिति में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी दिलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी की अमूल्य धरोहर हैं। ये न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान कर मानव जीवन को स्वस्थ और सुरक्षित बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा एक जीवन के समान है, इसलिए उसका रोपण ही नहीं, बल्कि संरक्षण और नियमित देखभाल भी सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने थाना एवं चौकी परिसरों में लगाए गए पौधों की निरंतर निगरानी करें, ताकि वे विकसित होकर आने वाले वर्षों में जनपद को अधिक हरित, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में भी पूरी जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभा रही है। अभियान के माध्यम से लोगों में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, पीआरओ मनीष जायसवाल सहित जनपद पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















