सीएम योगी ने किया वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, दिया ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश

सीएम योगी ने किया वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, दिया ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भगवानपुर टोल प्लाजा (लिंक एक्सप्रेसवे) पर वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ बरगद, पीपल और नीम के पौधे लगाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को भावनात्मक रूप से प्रकृति से जोड़ने वाली प्रेरणादायी पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण स्थल का निरीक्षण कर पौधों की देखभाल और संरक्षण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर सैनिक स्कूल के छात्र, एनसीसी कैडेट, स्काउट्स एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं भी अभियान में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद किया, उनके साथ पौधारोपण किया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सेल्फी लेकर उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जनपद गोरखपुर में इस वर्ष 55 लाख 28 हजार 600 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए वन विभाग सहित विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने पौधारोपण के साथ पौधों की जियो-टैगिंग, सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें।

कार्यक्रम में एडीजी जोन, डीआईजी रेंज, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर हरित और स्वच्छ उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया।

Previous articleमहिला अपराधों की विवेचना में लापरवाही पर दो दरोगाओं की जांच के आदेश
Next article‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान: एसपी संदीप मीना ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here