तामेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने किया शिव को जलाभिषेक
-पुरुषोत्तम मास के बाद दोबारा लगा सावन मास का सोमवार
संतकबीरनगर। पुरुषोत्तम मास समाप्त होने के बाद लगे सावन महीने के सोमवार को तामेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। सरयू नदी से जल लेकर धाम में पहुंचे कांवरियों ने भी शिव की पूजा-अर्चना की।
ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम में शिव को जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा आराधना के बाद परिसर में लगे मेले में खरीदारी भी की। परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर पुलिस मुस्तैद रही। मंदिर परिसर को जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर चार पहिया और दो पहिया वाहनों को रोक दिया था। जिससे परिसर में आने वाले लोगों को परेशानी न होने पाए। जलाभिषेक के लिए शिव मंदिर से पोखरे के किनारे तक बैरिकेडिंग लगी रही। जिसमें महिला और पुरुषों के लिए अलग अलग लाइन की व्यवस्था रही।
पू्र्व प्रधान नरेंद्र नाथ भारती, शक्ति दत्त भारती, शशांक भारती, विश्वप्रताप गोस्वामी, विनय गोस्वामी, सर्वेश गोस्वामी आदि ने बताया कि रविवार की रात बारह बजे से शिव का जलाभिषेक शुुुरू हो गया था। जिले भर से श्रद्धालु सहित कांवरियों के जत्थे ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया। चिकित्सकों की टीम भी परिसर में मौजूद रही। पूरा मेला परिसर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहा।















