दिल्ली से सकुशल मिलीं दो नाबालिग बहनें, पुलिस ने परिजनों से कराया मिलन

दिल्ली से सकुशल मिलीं दो नाबालिग बहनें, पुलिस ने परिजनों से कराया मिलन

संतकबीरनगर। मेंहदावल पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से नाराज होकर चली गईं दो नाबालिग बालिकाओं को दिल्ली से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। चार दिनों से परेशान परिवारों ने अपनी बेटियों को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सर्विलांस सेल की मदद से बालिकाओं का पता लगाया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के बाद दोनों बालिकाओं को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे पारिवारिक नाराजगी के चलते घर छोड़कर विभिन्न स्थानों से होते हुए दिल्ली पहुंच गई थीं। पुलिस ने आवश्यक सत्यापन और विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बालिकाओं को थाना मेंहदावल लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

इस दौरान भावुक परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से उनकी बेटियां सुरक्षित घर लौट सकीं।

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, उनकी भावनाओं को समझें और किसी भी प्रकार की नाराजगी को समय रहते दूर करने का प्रयास करें। साथ ही किसी बच्चे के लापता होने या भटके हुए मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।

बरामदगी टीम में उपनिरीक्षक राम नारायण, मुख्य आरक्षी रोहित प्रसाद, कांस्टेबल चंदन यादव, कांस्टेबल अरुण यादव तथा रिक्रूट महिला आरक्षी अंशिका तिवारी शामिल रहीं।

Previous articleपुलिस पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, तमंचे-बम बरामद
Next article47.82 लाख पौधरोपण लक्ष्य पूरा करने पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here