सीएम आगमन की तैयारियों का मंडलायुक्त व डीआईजी ने लिया जायजा
बस्ती। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के 10 जुलाई को प्रस्तावित हर्रैया आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को मंडलायुक्त अखिलेश सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह तथा जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना के साथ थाना हर्रैया क्षेत्र में बनाए गए हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग, जनसभा स्थल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीआईजी संजीव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। उन्होंने अधिकारियों को ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।















