UPTET 2026 की पहली पाली शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न, डीएम-एसपी ने परीक्षा केन्द्रों पर संभाली कमान
बस्ती। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 की प्रथम पाली बुधवार को जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन माहौल में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरे समय सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री श्याम बहादुर आर्य कन्या इंटर कॉलेज, श्री कृष्णा पाण्डेय इंटर कॉलेज तथा श्री कृष्णा कुमारी पाण्डेय इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, स्ट्रांग रूम, सुरक्षा प्रबंधों और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए और परीक्षा की पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केन्द्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।















