डीएम की अध्यक्षता में उर्वरक समिति की बैठक सम्पन्न, पर्याप्त उपलब्धता के बीच समयबद्ध वितरण के निर्देश
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उर्वरक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपनिदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जनपद में वर्तमान समय में यूरिया, डीएपी एवं एनपीके उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 18,260 मीट्रिक टन यूरिया, 5,444 मीट्रिक टन डीएपी और 3,010 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इनमें से रिटेल केंद्रों पर यूरिया 13,416 मीट्रिक टन, डीएपी 1,240 मीट्रिक टन तथा एनपीके 711 मीट्रिक टन उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा 30 जून 2026 को यूरिया 1,867 मीट्रिक टन तथा डीएपी 1,046 मीट्रिक टन का समितिवार आवंटन किया गया है। साथ ही इफको का 1,341 मीट्रिक टन यूरिया रैक प्वाइंट पर 2 जुलाई को प्राप्त होने की संभावना है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि आवंटन के अनुरूप समितियों की ओर से अभी तक डिमांड और आरटीजीएस प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। इस पर उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आवंटित उर्वरक तीन दिन के भीतर संबंधित समितियों तक सीधे रैक प्वाइंट से पहुंचाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है तथा किसान आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें। साथ ही किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बताते हुए उसे अपडेट कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।















