एसपी श्रद्धा पाण्डेय की सख्त मॉनिटरिंग का दिखा असर, शिकायत निस्तारण में कानपुर देहात फिर बना यूपी नंबर-1
– आईजीआरएस की जून-2026 रैंकिंग में जनपद पुलिस ने प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
– जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण से कायम किया नया रिकॉर्ड
कानपुर देहात। जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में कानपुर देहात पुलिस ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। मुख्यमंत्री की जनसुनवाई समाधान प्रणाली (आईजीआरएस) की जून-2026 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में जनपद पुलिस ने उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस उपलब्धि के पीछे पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की सख्त मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और जवाबदेही आधारित कार्यशैली को अहम माना जा रहा है। उनकी निगरानी में शिकायतों के निस्तारण को केवल औपचारिक प्रक्रिया न मानकर जनता के विश्वास और संतुष्टि से जोड़ा गया।
पुलिस विभाग के अनुसार शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक प्रभावी व्यवस्था तैयार की गई, जिसमें प्रत्येक मामले की गंभीरता से समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इससे पुलिस की कार्यशैली में तेजी आई और जन समस्याओं के समाधान में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
इस उपलब्धि पर एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि यह केवल आंकड़ों की सफलता नहीं, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण को देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने और जन शिकायतों के निस्तारण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।















