डीआईजी बस्ती ने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
परिक्षेत्र के एसपी और एएसपी के साथ अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने शुक्रवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती सभागार में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जनपदों के पुलिस अधीक्षकों एवं अपर पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डीआईजी ने निर्देश दिए कि लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गैंगस्टर, वांछित, पुरस्कार घोषित, जिला बदर तथा गैर-जमानती वारंट (NBW) वाले अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा गो-तस्करी की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला अपराध, एससी/एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों को लेकर जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के तहत कार्रवाई तेज करने, मोबाइल और IMEI नंबरों को अधिकाधिक ब्लॉक कराने तथा साइबर जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।
डीआईजी ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता दर्शन, पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू पोर्टल, IGRS और अन्य शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही CCTNS, NCRB, CM डैशबोर्ड, JMIS, ICJS, NAFIS, CEIR तथा अन्य तकनीकी पोर्टलों की नियमित मॉनिटरिंग और फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने महिला अपहृता और गुमशुदा मामलों में शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने, गैंगस्टर एक्ट और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने तथा अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक में कम्युनिटी पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ट्रैफिक एक्शन प्लान तैयार करने तथा मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर यशवीर सिंह, अभिषेक महाजन, संदीप कुमार मीना सहित परिक्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक, शाखा प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















