ऑपरेशन ‘दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 75 लाख रुपये के मादक पदार्थ किए गए नष्ट 9.891 किलोग्राम गांजा और स्मैक हाई-टेक इंसीनरेटर में जलाया गया, तस्करों पर शिकंजा जारी

ऑपरेशन ‘दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 75 लाख रुपये के मादक पदार्थ किए गए नष्ट

9.891 किलोग्राम गांजा और स्मैक हाई-टेक इंसीनरेटर में जलाया गया, तस्करों पर शिकंजा जारी

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 75 लाख रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई।

कार्रवाई के दौरान थाना कैण्ट, गीडा, चौरीचौरा, शाहपुर और सहजनवा क्षेत्र से जुड़े आठ अभियोगों में जब्त 9 किलो 540 ग्राम गांजा और 351 ग्राम स्मैक समेत कुल 9.891 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत 74 लाख 97 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने पर्यावरणीय और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए खलीलाबाद स्थित मेसर्स मेडिकल पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी के उच्च क्षमता वाले हाई-टेक इंसीनरेटर में इन मादक पदार्थों को नष्ट कराया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया जा रहा है, ताकि इनके दोबारा दुरुपयोग की कोई संभावना न रहे।

गौरतलब है कि इससे पहले 30 मार्च 2026 को भी पुलिस ने 63.8 किलोग्राम गांजा, 140 ग्राम चरस, 20 ग्राम स्मैक और 7 ग्राम हेरोइन सहित करीब 86.25 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट किए थे।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 73.858 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जा चुका है, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 61 लाख 22 हजार रुपये से अधिक है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Previous articleडीआईजी बस्ती ने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश परिक्षेत्र के एसपी और एएसपी के साथ अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
Next article29 जून को होगी भेषजिक मुख्य परीक्षा, 14 केंद्रों पर 6432 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here