मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी
संतकबीरनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में मोहर्रम जुलूस और ताजिया मार्गों का पूर्व भौतिक सत्यापन कर लें। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाया जाए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान अराजकता फैलाने वाले, अफवाहबाज और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट सहित अन्य निरोधात्मक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, लटकते बिजली तारों की मरम्मत और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि मोहर्रम शांति, भाईचारे और सम्मान का संदेश देता है। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या यूपी-112 को दें।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी हकिरेश यादव, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभाग द्विवेदी, उप जिलाधिकारी सदर हृदयराम तिवारी, उप जिलाधिकारी मेंहदावल अरुण कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियमराज शेखर पाण्डेय, जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, डिजिटल वालंटियर्स, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और पीस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।















