सीएम योगी 25 जून को संतकबीरनगर दौरे पर, बसवारी के बाबा बैजूनाथ धाम से क्षेत्र को मिल सकती है विकास की नई सौगात बसवारी गांव में प्रशासनिक तैयारियां तेज, सुरक्षा से लेकर मूलभूत व्यवस्थाओं तक अधिकारियों ने लिया जायजा

सीएम योगी 25 जून को संतकबीरनगर दौरे पर, बसवारी के बाबा बैजूनाथ धाम से क्षेत्र को मिल सकती है विकास की नई सौगात

बसवारी गांव में प्रशासनिक तैयारियां तेज, सुरक्षा से लेकर मूलभूत व्यवस्थाओं तक अधिकारियों ने लिया जायजा

संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जून को संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र स्थित बसवारी गांव का दौरा करेंगे। उनके प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र को विकास की नई सौगात मिलने की संभावना भी जताई जा रही है।

सोमवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार, एसपी संदीप मीना, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी रविकांत चौबे, तहसीलदार रामजी तथा खंड विकास अधिकारी सहित कई विभागीय अधिकारियों ने बसवारी स्थित प्राचीन बाबा बैजूनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा और सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अधिकारियों ने बाबा बैजूनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी किया। जिलाधिकारी आलोक कुमार स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें भी पूरी तरह सक्रिय हैं। सुरक्षा एजेंसियां लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में जुटी हुई हैं।

भाजपा के लोहरैया मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबा बैजूनाथ धाम पहुंचकर क्षेत्रवासियों को विकास योजनाओं की सौगात दे सकते हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Previous articleमोहर्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, शहर में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, शांति-सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से सतर्क रहने की अपील

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here