आंधी का कहर: कंपनी बाग से गांधीनगर तक तबाही, पेड़-पोल और होर्डिंग गिरे, प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा

आंधी का कहर: कंपनी बाग से गांधीनगर तक तबाही, पेड़-पोल और होर्डिंग गिरे, प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा

बस्ती। रविवार दोपहर करीब तीन बजे आई तेज आंधी और तूफान ने बस्ती शहर में भारी तबाही मचा दी। कुछ ही मिनटों की तेज हवाओं ने शहर के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कंपनी बाग चौराहा, गांधीनगर और ईस्टेडियम कॉलोनी सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल रहे, जहां पेड़ जड़ से उखड़ गए, विद्युत पोल धराशायी हो गए और कई स्थानों पर यातायात बाधित हो गया।

कंपनी बाग चौराहे पर गिरा विशाल साइन बोर्ड

आंधी का सबसे ज्यादा असर कंपनी बाग चौराहे पर देखने को मिला, जहां हाल ही में लगाया गया एक विशाल साइन बोर्ड तेज हवाओं के दबाव में भरभराकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए बताया कि यह बोर्ड कुछ माह पूर्व ही लगाया गया था। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

इसी क्षेत्र में एक कार विशाल पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

ईस्टेडियम कॉलोनी और गांधीनगर में बिगड़े हालात

ईस्टेडियम कॉलोनी में एक विशाल पेड़ मकान की दीवार तोड़ते हुए गिर पड़ा। वहीं गांधीनगर क्षेत्र में सड़क पर पेड़ गिरने से कई बिजली के पोल टूट गए और तारें सड़क पर बिखर गईं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और आवागमन प्रभावित हुआ।

अलर्ट मोड में दिखा प्रशासन, युद्धस्तर पर चला राहत अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही जिला और नगर प्रशासन सक्रिय हो गया। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती और एसडीएम सदर राजेश कुमार यादव तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और राहत कार्यों की कमान संभाली।

नगर पालिका की टीम सफाई इंस्पेक्टर अवधेश कुमार के नेतृत्व में जेसीबी और कटर मशीनों के साथ सड़क से पेड़ हटाने में जुट गई। वन विभाग की टीम ने भी राहत कार्यों में सहयोग दिया।

उधर शहर कोतवाल मोतीचंद अपनी पुलिस टीम के साथ लगातार यातायात व्यवस्था संभालते रहे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने न केवल रास्तों को डायवर्ट किया, बल्कि पेड़ों की टहनियां हटाने में भी स्वयं सक्रिय भूमिका निभाई।

बिजली बहाली के लिए विभाग की टीम डटी

बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए अधीक्षण अभियंता खालिद सिद्दीकी, अधिशासी अभियंता शुभम पांडे, एसडीओ आशुतोष कुमार और अवर अभियंता बीके सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। टूटे विद्युत पोल और क्षतिग्रस्त तारों को हटाने तथा आपूर्ति बहाल करने का कार्य तेजी से जारी है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि शहर में स्थिति सामान्य करने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस प्राकृतिक आपदा में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से कई संभावित बड़े हादसे टल गए।

Previous articleमेंहदावल–धनघटा मार्ग को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव, दिशा बैठक में विकास कार्यों पर जोर जिला पंचायत अध्यक्ष बोले – अधिकारी और जनप्रतिनिधि विकास की कड़ी, समन्वय से मिलेगी रफ्तार
Next articleमोहर्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, शहर में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त, शांति-सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से सतर्क रहने की अपील

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here