अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां पूरी, कांशीराम स्टेडियम में होगा सामूहिक योगाभ्यास योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर बढ़ें : मंडलायुक्त

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां पूरी, कांशीराम स्टेडियम में होगा सामूहिक योगाभ्यास

योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर बढ़ें : मंडलायुक्त

संतकबीरनगर। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर बस्ती मंडल के मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित संबंधित अधिकारियों ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को मानसिक और आध्यात्मिक रूप से भी मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि योग सप्ताह का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और इसे दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास करने तथा आमजन को भी योग के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सामूहिक योग कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि 21 जून को जनपद मुख्यालय, तहसीलों, विकासखंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद का मुख्य कार्यक्रम कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleरिजर्व पुलिस लाइन में स्वच्छता का महाअभियान, वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद संभाली कमान डीजी/एडीजी, आईजी और एसएसपी ने झाड़ू उठाकर दिया संदेश, स्वच्छता को बताया प्राथमिक जिम्मेदारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here