डीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
सिद्धार्थनगर। शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के तहत शनिवार को थाना सिद्धार्थनगर परिसर में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
थाना समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा, अवैध कब्जा, चकमार्ग एवं नाली विवाद से संबंधित मामलों पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सभी राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को निर्देशित किया कि वे मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता की उपस्थिति में मामलों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, वरासत और बंटवारे से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और सभी मामलों का समाधान पारदर्शी एवं न्यायसंगत तरीके से किया जाए। जिलाधिकारी ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और छोटे-छोटे विवादों को आपसी समझदारी से सुलझाने की भी अपील की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाकर शिकायतों के निस्तारण में सहयोग करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अधिशासी अधिकारी अजय सिंह, थानाध्यक्ष सिद्धार्थनगर, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















