प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही बोले: 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर, मोदी सरकार ने बिना भेदभाव पहुंचाया योजनाओं का लाभ
बस्ती। शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया गया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 10 करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर महिलाओं के जीवन को आसान बनाया गया है, वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का व्यापक विस्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना, पीएम सूर्यघर योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, सड़क और रेल नेटवर्क का विस्तार, एयरपोर्ट, एक्सप्रेस-वे, रक्षा अनुसंधान तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। आज भारत खाद्यान्न, रक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में पहले से अधिक आत्मनिर्भर बन चुका है।
जनपद बस्ती में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, पीएम स्वनिधि, जनधन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन और कन्या सुमंगला जैसी योजनाओं से हजारों पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत को नई दिशा, नई पहचान और नई ऊर्जा मिली है। आज देश वैश्विक मंच पर मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरा है और दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















