अवैध असलहों के साथ पांच युवक गिरफ्तार, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

अवैध असलहों के साथ पांच युवक गिरफ्तार, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

संतकबीरनगर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को अवैध असलहों, कारतूसों और दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार बनकटिया गांव के पश्चिम स्थित एक बाग में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान नितेश चौरसिया, सत्यम चौरसिया, कृष्णा यादव, रुद्र प्रताप यादव तथा रोहित कुमार गोड को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, चार अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 750 रुपये नकद तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अवैध असलहे विभिन्न लोगों से खरीदे थे। इनका उपयोग लोगों को डराने-धमकाने तथा आपराधिक गतिविधियों में करने की योजना थी। बरामदगी के आधार पर सभी आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली खलीलाबाद में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह कार्रवाई कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Previous articleगोरखनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंदिर में करेंगे रात्रि विश्राम
Next articleडीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here