स्पर्श हॉस्पिटल के बाहर मंगलसूत्र झपटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
लूटा गया मंगलसूत्र व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद, खर्च चलाने के लिए करते थे झपटमारी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने झपटमारी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का लूटा गया मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 27 मई की रात भुजैनी स्थित स्पर्श हॉस्पिटल के बाहर टहल रही एक महिला के गले से बाइक सवार तीन युवकों ने मंगलसूत्र झपट लिया था। घटना के बाद पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बरईपुरवा क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस चौधरी निवासी कांटे, थाना खलीलाबाद, विशेष अग्रहणी निवासी गुदी, जनपद बस्ती तथा अभिषेक राय निवासी धोरहरा गोचना, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से पीले धातु का मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपस में मित्र हैं और खर्च चलाने के लिए सुनसान स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन व मंगलसूत्र झपटने की वारदातों को अंजाम देते थे।
आरोपियों ने बताया कि बरामद मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रिंस चौधरी के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है















