कुआनो नदी में डूबे सगे भाई-बहन, परिवार में मचा कोहराम दौलतपुर घाट पर स्नान के दौरान हुआ हादसा, ननिहाल आए थे दोनों बच्चे

कुआनो नदी में डूबे सगे भाई-बहन, परिवार में मचा कोहराम

दौलतपुर घाट पर स्नान के दौरान हुआ हादसा, ननिहाल आए थे दोनों बच्चे

संतकबीरनगर। जिले के धनघटा थाना क्षेत्र स्थित दौलतपुर घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में कुआनो नदी में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महुली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी हकीमुल्लाह पुत्र विस्मिल्लाह अपने भाई अताउल्लाह तथा बच्चों मोहम्मद शमीम (13 वर्ष) और इफ़त जहाँ के साथ धनघटा क्षेत्र के परसहर गांव स्थित अपनी ससुराल आए हुए थे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिवार के लोग दौलतपुर घाट पर कुआनो नदी में स्नान करने पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान दोनों बच्चे अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में चले गए। कुछ ही देर में वे डूबने लगे और बचाने के लिए चीख-पुकार मचाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते दोनों भाई-बहन नदी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही धनघटा पुलिस और महुली थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दुखद घटना की सूचना मिलते ही मानपुर गांव से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

महुली थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना स्थल धनघटा थाना क्षेत्र में होने के कारण आगे की विधिक कार्रवाई वहीं की पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Previous articleटीजीटी परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार मिनी वॉयस रिकॉर्डर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल कराने की थी साजिश, पुलिस ने किया खुलासा
Next articleस्पर्श हॉस्पिटल के बाहर मंगलसूत्र झपटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार लूटा गया मंगलसूत्र व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद, खर्च चलाने के लिए करते थे झपटमारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here