टीजीटी परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
मिनी वॉयस रिकॉर्डर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल कराने की थी साजिश, पुलिस ने किया खुलासा
संतकबीरनगर। जनपद में आयोजित टीजीटी परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल कराने की साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, मिनी वॉयस रिकॉर्डर से जुड़े उपकरण, सिम कार्ड, पर्चियां तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून को टीजीटी परीक्षा की द्वितीय पाली के दौरान सरैया बाईपास स्थित हीरालाल रामनिवास महाविद्यालय परीक्षा केंद्र के कक्ष संख्या-3 में एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। कक्ष निरीक्षकों द्वारा जांच किए जाने पर उसके हाथ से एक मिनी वॉयस रिकॉर्डर गिर गया। पकड़े जाने के भय से अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष से निकलकर कॉलेज की बाउंड्री वॉल फांदकर फरार हो गया।
घटना के संबंध में केंद्राधीक्षक की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश-2024 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने कुशीनगर निवासी मनीष कुमार तथा मऊ निवासी अनिकेत सिंह को सरैया बाईपास तिराहे के समीप स्थित एक पार्क से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नकल कराने की पूरी योजना का खुलासा किया।
आरोपियों ने बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के भीतर मिनी वॉयस रिकॉर्डर लेकर गया था। प्रश्नपत्र मिलने के बाद प्रश्नों को रिकॉर्ड कर उपकरण को परीक्षा केंद्र की बाउंड्री के बाहर फेंकना था, जहां मौजूद साथी रिकॉर्डिंग सुनकर उत्तर तैयार करते। इसके बाद पर्चियों के माध्यम से उत्तर अभ्यर्थी तक पहुंचाए जाने की योजना थी। हालांकि कक्ष निरीक्षकों की सतर्कता के चलते पूरा षड्यंत्र समय रहते उजागर हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, वॉयस रिकॉर्डर चार्जर, ओटीजी, सिम कार्ड, ईयरफोन, नोटबुक, पर्चियां, प्रवेश पत्र की प्रतियां और अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
इस कार्रवाई को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने की दिशा में पुलिस और परीक्षा केंद्र प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है।















