नदी-तालाबों में डूबने की घटनाओं पर रोक के लिए पुलिस का अभियान तेज
घाटों पर जागरूकता, चेतावनी बैनर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था
गोरखपुर। जनपद गोरखपुर में नदी एवं तालाबों में डूबने की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए थाना राजघाट पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीम लगातार नदी घाटों एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील कर रही है।
पुलिस द्वारा विशेष रूप से अभिभावकों से अनुरोध किया जा रहा है कि वे अपने बच्चों को नदी, तालाब और गहरे जलाशयों में नहाने के लिए न भेजें, क्योंकि गर्मी के मौसम में डूबने की घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील घाटों पर चेतावनी संबंधी बैनर लगाए गए हैं, ताकि लोगों को संभावित जोखिम की पूर्व जानकारी मिल सके।
इसके साथ ही, जोखिम वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस टीम द्वारा घाटों पर नियमित निगरानी और गश्त भी की जा रही है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
अभियान के दौरान चौकी प्रभारी टीपी नगर, चौकी प्रभारी अमरुदबाग सहित स्थानीय पार्षद भी मौजूद रहे और उन्होंने जनजागरूकता में सहयोग किया।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा नदी-तालाबों के किनारे विशेष सावधानी बरतें, जिससे किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।















