होमबायर्स के लिए रेरा की जागरूकता कार्यशाला आयोजित
“आपका घर, आपके अधिकार” थीम पर खरीदारों को बताए गए कानूनी अधिकार और आवश्यक सावधानियां
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण UP RERA की ओर से शुक्रवार को एनेक्सी भवन सभागार में होमबायर्स के लिए एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। शाम 4 बजे आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश करने वाले घर खरीदारों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी प्रकार के निवेश से पहले आवश्यक कानूनी सावधानियों की जानकारी देना रहा।
कार्यशाला का मुख्य विषय “आपका घर, आपके अधिकार — UP RERA और आप साथ-साथ” रहा। इस दौरान विशेषज्ञों ने घर खरीदने से पहले परियोजनाओं की रेरा पंजीकरण स्थिति, दस्तावेजों की वैधता तथा डेवलपर की विश्वसनीयता की जांच को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और सही जानकारी ही सुरक्षित निवेश की सबसे बड़ी गारंटी है।
कार्यक्रम में रेरा अध्यक्ष संजय आर. भुसरेड्डी सहित अन्य सदस्यों ने उपस्थित होमबायर्स के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा रेरा के माध्यम से उपलब्ध त्वरित कार्रवाई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी की स्थिति में पीड़ित उपभोक्ता सीधे रेरा में शिकायत दर्ज कर प्रभावी समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यशाला में गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, सचिव पुष्पराज सिंह, विशेष कार्याधिकारी प्रखर उत्तम, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न आवासीय योजनाओं के आवंटी एवं डेवलपर्स ने भी सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम का समापन प्राधिकरण के सचिव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।















