350 लीटर संदिग्ध डीजल के साथ ट्रैक्टर पकड़ा, पुलिस व पूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई

350 लीटर संदिग्ध डीजल के साथ ट्रैक्टर पकड़ा, पुलिस व पूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई

सिद्धार्थनगर। अवैध ईंधन भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बांसी पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए 350 लीटर संदिग्ध डीजल के साथ एक ट्रैक्टर को कब्जे में लिया। यह कार्रवाई बांसी-गोरखपुर मार्ग स्थित बुद्धा पेट्रोल पंप के पास की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार एक न्यू सोनालिका ट्रैक्टर के पीछे हाइड्रोलिक पर डीजल से भरा ड्रम बांधकर ले जाया जा रहा था। संयुक्त टीम द्वारा वाहन की जांच किए जाने पर करीब 350 लीटर डीजल बरामद हुआ। इसके बाद ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली बांसी लाया गया।

 

प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि उक्त ट्रैक्टर खेसरहा थाना क्षेत्र के भूसेला गांव निवासी ग्राम प्रधान रूपनारायण यादव का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पूर्ति निरीक्षक अर्चना सिंह भी मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जांच शुरू कराई।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने बताया कि यह कार्रवाई सुबह लगभग साढ़े नौ बजे की गई। बरामद डीजल के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूर्ति विभाग द्वारा डीजल के स्रोत, खरीद संबंधी अभिलेखों और परिवहन के वैध दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर नया होने के कारण उसका नंबर अभी स्पष्ट रूप से सत्यापित नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर करीब 20 से 25 दिन पहले खरीदा गया था।

पुलिस और पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा कि जनपद में अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल के भंडारण और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जनपद में आगे भी संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

Previous articleसाइबर ठगी के शिकार पीड़ित को 90 हजार रुपये की धनराशि वापस
Next articleनाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, त्रिलोकपुर पुलिस ने भेजा जेल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here