साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को 90 हजार रुपये की धनराशि वापस
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे “क्रैक साइबर क्राइम” अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम हेल्प डेस्क थाना महुली पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को 90 हजार रुपये की धनराशि वापस कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना महुली क्षेत्र निवासी अनिल उपाध्याय पुत्र जयराम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फरवरी 2026 में उनके खाते से साइबर ठगी के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर हो गई थी। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम हेल्प डेस्क थाना महुली की पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस टीम ने संबंधित बैंक एवं अन्य संस्थाओं से समन्वय स्थापित करते हुए तकनीकी जांच की। त्वरित प्रयासों और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप दिनांक 27 मई 2026 को पीड़ित के खाते में 90,000 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। खाते में रकम वापस आने पर पीड़ित और उसके परिवार ने संतकबीरनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
धनराशि रिकवर कराने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक अनुज यादव, कांस्टेबल अंकित पटेल, कांस्टेबल सोनू यादव एवं महिला कांस्टेबल कमलेश कुमारी शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए आमजन को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया संदेश पर भरोसा न करें। अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी थाने पर सूचना दें। सावधानी और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।















