बकरीद को लेकर मुसहरा में पीस कमेटी बैठक, डीएम-एसपी ने की शांति और भाईचारे की अपील
पैदल गश्त कर अधिकारियों ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
संतकबीरनगर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा थाना धर्मसिंहवा क्षेत्र के मुसहरा गांव में संयुक्त रूप से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ बकरीद पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में बकरीद का त्योहार पूरी शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। लोगों ने प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की बात कही।
बैठक के बाद डीएम और एसपी ने क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचें और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना दें।
इस अवसर पर अरुण कुमार, सर्वदमन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीण उपस्थित रहे।















