मगहर में डीएम-एसपी की पैदल गश्त, अवैध कट बंद करने के निर्देश
संतकबीरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को मगहर क्षेत्र में संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत मगहर चौकी क्षेत्र में मुख्य बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा पुलिस बल को नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने नेशनल हाईवे-27 पर दुर्गा मंदिर के पास बने खतरनाक अवैध कट का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पाया कि इस अवैध कट के कारण तेज रफ्तार वाहनों के चलते दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। इस पर गंभीर रुख अपनाते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उक्त कट को बंद करने के निर्देश दिए।
साथ ही हाईवे पर यातायात को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद, चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
डीएम और एसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।















