जनगणना कार्य शुरू, डीएम ने की समीक्षा बैठक
रायबरेली। जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” कार्य का जनपद में विधिवत शुभारंभ हो गया। पहले दिन जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील बताते हुए सभी अधिकारियों को पूरी सावधानी, पारदर्शिता और स्पष्टता के साथ कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मकान और परिवार का सही एवं सटीक विवरण दर्ज किया जाना अनिवार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को नियमित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी इसे गंभीरता से लें।
उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराया जाए और प्रत्येक स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने जनगणना कार्य की प्रगति, तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि फील्ड स्तर पर कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे अभियान को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाएगा।















